'गायत्री मंत्र' सम्पूर्ण सृष्टि का स्वरूप


गायत्री मंत्र की उत्पत्ति कैसे हुई?  

गायत्री महामंत्र हमारे वेदों का एक महत्त्वपूर्ण मंत्र है जिसकी महत्ता लगभग 'ॐ' के  बराबर ही मानी जाती है। यह मंत्र यजुर्वेद और ऋग्वेद के संयोग से बना है। इस मंत्र में सवितृ देव की उपासना की गयी है इसलिए इसे सावित्री भी कहा जाता है। 

ऐसा माना जाता है कि इस मंत्र के उच्चारण और उसे समझने से ईश्वर की प्राप्ति होती है। इस मंत्र को श्री गायत्री देवी के स्त्री रुप मे भी पुजा जाता है। इस मंत्र का सर्वप्रथम उच्चारण ऋषि विश्वामित्र ने ही किया था। इसलिए इस मंत्र के ऋषि विश्वामित्र ही हैं। 

वैसे तो यह मंत्र विश्वामित्र सूक्त के 18 मंत्रों में केवल एक है, किंतु अर्थ की दृष्टि से इसकी महिमा सबसे अधिक है। इसी कारण इसका अनुभव आरंभ में ही सभी ऋषियों ने कर लिया था। इस मंत्र में 24 अक्षर हैं। उनमें आठ आठ अक्षरों के तीन चरण हैं।

किंतु कालांतर मे विद्वानों द्वारा इन अक्षरों से पहले तीन व्याहृतियाँ और उनसे पूर्व प्रणव या ओंकार को जोड़कर इस मंत्र का पूरा स्वरूप उनके द्वारा इस प्रकार स्थिर किया गया। 

(1) ॐ
(2) भूर्भव: स्व:
(3) तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।

इस मंत्र के इसी रूप को मनु ने सप्रणवा, सव्याहृतिका गायत्री कहा है और जप में भी इसी का विधान किया है।

Gaytri Mantra

गायत्री मंत्र और वेद 

'गायत्री' मंत्र एक छन्द भी है जो ऋग्वेद के सात प्रसिद्ध छंदों में से एक है। इन सात छंदों के नाम इसप्रकार हैं- गायत्री, उष्णिक्, अनुष्टुप्, बृहती, विराट, त्रिष्टुप् और जगती।

'गायत्री' छन्द में कुल आठ-आठ अक्षरों के बटे हुए तीन चरण होते हैं। ऋग्वेद के मंत्रों में त्रिष्टुप् को छोड़कर सबसे अधिक संख्या गायत्री छंदों की है। गायत्री मंत्र के तीन पद होते हैं (त्रिपदा वै गायत्री)। 

अतः जब छंद या वाक के रूप में इस सृष्टि के प्रतीकों की कल्पना की जाने लगी तब इस सम्पूर्ण विश्व को ही त्रिपदा गायत्री का एकमात्र स्वरूप माना गया। 

जब गायत्री के रूप में जीवन की प्रतीकात्मक व्याख्या होने लगी तब गायत्री छंद की बढ़ती हुई महिमा के अनुरूप ही इस सर्वश्रष्ठ मंत्र की रचना हुई, जो की इस प्रकार है:

तत् सवितुर्वरेण्यं। भर्गोदेवस्य धीमहि। धियो यो न: प्रचोदयात्। 

सनातन मान्यताओं के अनुसार गायत्री एक ओर विराट् विश्व और दूसरी ओर मानव जीवन, एक ओर देवतत्व और दूसरी ओर भूततत्त्व, एक ओर मन और दूसरी ओर प्राण, एक ओर ज्ञान और दूसरी ओर कर्म के पारस्परिक संबंधों की पूरी व्याख्या कर देती है। 

इस मंत्र के देवता सविता जो सूर्य की संज्ञा है, जिसके नाना रूप हैं, उनमें सविता वह रूप है जो समस्त देवों को प्रेरित करता है। जाग्रत् अवस्था में सवितारूपी मन ही मानव की महत्वपूर्ण शक्ति है। जैसे सविता देव है वैसे मन भी देव ही है। मन ही प्राण का प्रेरक होता है। 

मन और प्राण के इसी संबंध की व्याख्या ही गायत्री मंत्र को सिद्ध करती है। सविता मन प्राणों के रूप में ही सभी कर्मों का अधिष्ठाता होता है, यह सत्य प्रत्यक्ष रूप से सिद्ध है।

अथर्ववेद में भी वेद माता गायत्री की स्तुति की गई है जिसमें उन्हें आयु प्राणशक्ति, पशु कीर्ति धन और ब्रह्म तेज प्रदान करने वाला कहा गया है। इसी प्रकार शंख स्मृति में भी कहा गया है -

गायत्री वेद जननी, गायत्री पापनाशिनी। 
गायत्र्या: पंरम दिवि चेह च पावनम्।। 

अर्थात:- गायत्री वेदों की जननी है गायत्री पापों का नाश करने वाली है गायत्री से अन्य कोई पवित्र करने वाला मंत्र स्वर्ग और पृथ्वी पर नहीं है।

गायत्री मंत्र मे शब्दो की सख्या 

गायत्री मंत्र कुल चौबीस अक्षरों से मिलकर बना है इन चौबीस अक्षरों में चौबीस अवतार, चौबीस ऋषि, चौबीस शक्तियां तथा चौबीस सिद्धियां सम्मिलित है। 

गायत्री मंत्र के इन्हीं चौबीस अक्षरों मे चौबीस शक्ति बीज भी है। गायत्री मंत्र की उपासना करने से उन सभी चौबीस शक्तियों का लाभ और सिद्धियां मिलती हैं जो इसप्रकार है -

1. सफलता शक्ति, 2. पराक्रम शक्ति, 3. पालन शक्ति, 4. कल्याण शक्ति, 5. योग शक्ति, 6. प्रेम शक्ति, 7. धन शक्ति, 8. तेज शक्ति, 9. रक्षा शक्ति, 10. बुद्धि शक्ति, 11. दमन शक्ति, 12. निष्ठा शक्ति, 13. धारण शक्ति, 14. प्राण शक्ति, 15. मर्यादा शक्ति, 16. तप शक्ति, 17. शांति शक्ति, 18. कॉल शक्ति, 19. उत्पादक शक्ति, 20. रस शक्ति, 21. आदर्श शक्ति, 22. साहस शक्ति, 23. विवेक शक्ति, 24. सेवा शक्ति

ॐ भूर् भुवः स्वः। तत् सवितुर्वरेण्यं।
भर्गो देवस्य धीमहि। धियो यो नः प्रचोदयात् ॥

भावार्थ

उस प्राणस्वरूप, दुःखनाशक, सुखस्वरूप, श्रेष्ठ, तेजस्वी, पापनाशक, देवस्वरूप परमात्मा को हम अपनी अन्तरात्मा में पूर्ण रूप से धारण करें। वह परमात्मा हमारी बुद्धि को श्रेष्ठ सन्मार्ग में प्रेरित करे।

अंत मे निष्कर्ष

गायत्री मंत्र को प्राण जीवन का आधार कहा गया है। प्रतिदिन गायत्री मंत्र का उच्चारण शरीर को समस्त ग्रंथियों को स्पंदित करता है, जिससे शरीर की समस्त कोशिकाय जाग्रत होने लगती है। विज्ञानं भी आज गायत्री मंत्र और उसके नित्य उच्चारण से शरीर पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को स्वीकार करता है   


Post a Comment

Plz do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने